जिले में वीरवार को कोरोना से संक्रमित 325 नए मरीज मिले है। वहीं 12 मृतकों का कोरोना गाइडलाइन के तहत अंतिम संस्कार किया गया। बुधवार को भी 12 शवों का अंतिम संस्कार कोरोना गाइडलाइन से कराया गया था। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने दो बुधवार को दो और वीरवार को तीन मरीजों की मौत कोरोना से होना बताई है। वहीं राहत की बात ये है कि 284 संक्रमित मरीजों ने कोरोना को मात दी है। अब तक 14,483 संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। जिनमें से 12,779 संक्रमित मरीज स्वस्थ हुए हैं। जिले में 1494 एक्टिव केस हो गए हैं। जिनमें से 1251 संक्रमित मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है।
वहीं थर्मल प्लांट की कर्मचारी यूनियन के प्रदेश उप-प्रधान व थर्मल प्लांट के 53 वर्षीय जेई को कोरोना संक्रमण के चलते 26 अप्रैल को ईएसआई अस्पताल में भर्ती किया गया था। बुधवार की शाम तक उनकी हालत ठीक थी, लेकिन अचानक ऑक्सीजन लेवल गिरने लगा और उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनकी 78 वर्षीय भाभी की भी कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। जबकि दिल्ली निवासी 54 वर्षीय व्यक्ति का कोरोना गाइडलाइन के तहत अंतिम संस्कार कराया गया। खजरी निवासी 39 वर्षीय युवक की मौत भी कोरोना से हो गई। गांव गनौली से एक व्यक्ति की मौत पंचकूला में हो गई। जबकि साढौरा निवासी 26 वर्षीय युवक की मौत भी कोरोना के चलते हो गई। सभी शवों का अंतिम संस्कार कोरोना गाइडलाइन के तहत कराया गया।
बॉक्स
बेड नहीं मिला तो अधेड़ ने तोड़ा दम
मुकारमपुर गांव निवासी 50 वर्षीय अधेड़ को कई दिनों से बुखार आ रहा था। वीरवार को उसकी हालत बिगड़ गई, तो परिजन उसे लेकर तीन निजी अस्पतालों में गए, जहां पर बेड न होने की वजह से एडमिट नहीं किया गया। ईएसआई अस्पताल में लेकर गए। वहां पर भी बेड नहीं थे। जिस वजह से मरीज को एडमिट करने में दिक्कत हुई। बाद में सिविल अस्पताल में मरीज को लेकर पहुंचे। जहां उनकी मौत हो गई। मरीज का एंटीजन टेस्ट कराया गया था। हालांकि रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। परिजनों ने कोई भी कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया और शव को अपने साथ ले गए।