संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न मार्गों से 12 गोवंश पकड़ कर गोशाला पहुंचाए। साल भर में नगर निगम एक हजार से अधिक लावारिस पशुओं को पकड़ कर गोशालाओं में पहुंचा चुका है। जब तक से शहर से हर लावारिश गोवंश नहीं पकड़ा जाता, निगम का यह अभियान जारी रहेगा।
शहरवासी नगर निगम क्षेत्र में घूम रहे लावारिस गोवंश की फोटो खींचकर पत्ते व लोकेशन सहित निगम के व्हाट्सएप नंबर 7082410524 पर भेजे। इसके बाद निगम की टीम मौके पर पहुंचकर लावारिस गोवंश को पकड़कर गोशाला पहुंचाएगी। नगर निगम आयुक्त अखिल पिलानी के निर्देशों पर लावारिस पशुओं को पकड़ने के लिए जोन एक में सीएसआई हरजीत सिंह व जोन दो में सीएसआई विनोद बेनीवाल, जोन तीन में सीएसआई अनिल नैन के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया है।
सीएसआई हरजीत के नेतृत्व में गठित टीम ने जगाधरी, अंबाला रोड, पुराना सहारनपुर रोड समेत विभिन्न स्थानों से आठ बेसहारा गोवंशों को पकड़ा। निगम कर्मियों ने रस्सियों के माध्यम से घेरा डालकर गोवंशों को पकड़ा। इसके बाद उन्हें निगम के वाहन में चढ़ाया। गोवंशों को पकड़ने के बाद उन्हें गोशाला पहुंचाया गया।
इसी तरह जोन तीन में सीएसआई अनिल नैन की टीम ने सहारनपुर कुरुक्षेत्र रोड, रादौर रोड समेत विभिन्न स्थानों से गोवंशों को पकड़ कर निगम के वाहन में चढ़ाकर गोशाला पहुंचाया। निगम कर्मियों ने गोवंशों रस्सियों से घेराबंदी करके पकड़ा। बड़ी मुश्किल से निगम कर्मियों ने उन्हें निगम के वाहन में चढ़ाया। इसके बाद उन्हें टैग लगाकर गोशाला पहुंचाया।