संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। बलाचौर स्थित गुरुद्वारा साहिब से तीन दान पेटियों से 10 लाख रुपये चोरी कर लिए गए। दो दानपेटियों को उखाड़ा गया, जो साथ लगते बाग में खाली मिलीं। एक दान पेटी से ताले तोड़कर नकदी चुराई गई। थाना छछरौली पुलिस व सीन ऑफ क्राइम टीम ने छानबीन की। बाद में अज्ञात पर मामला दर्ज कर लिया गया।
गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सुरेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वीरवार देर रात गुरुद्वारा अगमपुरा साहिब दसवीं पातशाही में तीन दान पेटियों से नकदी चोरी की गई। दो दान पेटी साथ लगते बाग में खाली मिली। अनुमान है कि आरोपी गुरुद्वारा साहिब से दोनों दानपेटियां उखाड़ कर साथ ले गए थे।
इसके बाद उन्होंने बड़े इत्मिनान से बाग में नकदी चोरी की और दानपेटियां मौके पर छोड़ गए। तीसरी दानपेटी एक जगह फिक्स थी, इसलिए आरोपी उसे उखाड़ नहीं पाए तो ताला तोड़कर उसमें से नकदी चोरी की गई। सुरेंद्र सिंह ने बताया कि तीनों दान पेटियों में करीब 10 लाख रुपये की नकदी होने का अनुमान है। यह दान पेटियां 15 माह से नहीं खोले गई थीं।
सीसीटीवी में दानपेटी सिर पर रख जाते दिखे : गांव में एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे से रिकॉर्ड हुई फुटेज में तीन-चार युवक गुरुद्वारा साहिब की दान पेटियों को सिर पर रख ले जाते दिख रहे हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया है। थाना छछरौली प्रभारी जगदीश चंद्र का कहना है कि आरोपी जल्द गिरफ्त में होंगे।