यमुनानगर। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इससे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। एसपी ने सोमवार को डीसी और कई अन्य अधिकारियों के साथ कोविड-19 गाइडलाइन का पालन कराने के लिए विभिन्न सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण किया था। इसके अलावा विदेश से आए दो अन्य लोग भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। मंगलवार को कुल 10 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को डीसी पार्थ गुप्ता, एसडीएम सुशील कुमार, नायब तहसीलदार ओमप्रकाश, डीएसपी मुख्यालय सुभाष चंद्र और अन्य अधिकारियों के साथ बस स्टैंड, शॉपिंग मॉल, बैंक आदि स्थानों पर व्यवस्था प्रबंधों का निरीक्षण किया था। उन्होंने जब अपनी जांच करवाई तो वे कोरोना संक्रमित पाए गए। एसपी के संक्रमित मिलने के बाद पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। चूंकि निरीक्षण के दौरान प्रशासन के तमाम अधिकारी भी एसपी के संपर्क में आए थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। एसपी के संपर्क में आए अधिकारियों को क्वारंटीन कर उनके नमूने लेने की तैयारी शुरू हो गई है। वहीं दुबई से लौटे सेक्टर-17 और यूएसए से आए विष्णु गार्डन निवासी दो लोग भी संक्रमित मिले हैं। विदेश से आए दोनों संक्रमितों में ओमिक्रॉन वैरिएंट की जांच के लिए उनके नमूने लेकर उन्हें आइसोलेट कर दिया गया है। दूसरी ओर मंगलवार को दो संक्रमित मरीज ठीक भी हो गए। इसी के साथ कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 65 हो गई है। हर दिन बढ़ रहे मरीजों के ग्राफ को देखते हुए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। सोमवार तक जहां लोगों को चेतावनी देकर नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा था, वहीं मंगलवार को लोगों के चालान किए गए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को इसके प्रति जागरूक भी किया। हर दिन संक्रमित मिलने के साथ ही जिले की उभार दर भी तेजी से गिरने लगी है। जिले की कोरोना संक्रमण से उभार दर 98.32 से अब लुढ़ककर 98.07 पर आ गई है। डीसी पार्थ गुप्ता ने बताया कि जिले की दोहराव दर 278 दिन है। जिले की कुल आबादी में से 44.76 प्रतिशत की कोरोना जांच हो चुकी है। अब तक जिले में कुल 24813 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से 80 यमुनानगर के बाहर अन्य स्थानों के हैं। जिले में अब तक 24336 कोरोना संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक 538070 लोगों के नमूने लिए गए हैं, जिनमें से 507857 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अभी 2093 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है।