गांव बवानिया के पास मंगलवार सुबह दो बाइक की टक्कर में महेंद्रगढ़ निवासी एएसआई मानसिंह और गागड़वास निवासी धर्मबीर की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। एएसआई मानसिंह इन दिनों रेवाड़ी में तैनात था। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई की। पुलिस ने दुर्घटना के आरोप में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एएसआई मानसिंह पुत्र रामफल (50) बाइक से मंगलवार सुबह ड्यूटी पर रेवाड़ी जा रहा था। गांव बवानिया के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एएसआई मानसिंह और गागड़वास निवासी धर्मबीर पुत्र सतपाल (24) की मौके पर ही मौत हो गई।
धर्मवीर के पीछे बाइक पर बैठा उसका छोटा भाई रतन सिंह (19) गंभीर रुप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे लोगों ने एंबुलेंस से तीनों को महेंद्रगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने रतन सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।