केयू सुरक्षा कर्मियों और तीन युवकों के बीच हुई झड़प की आग शुक्रवार को सड़क और रेलमार्ग तक पहुंच गई। वीरवार शाम को हुए विवाद के बाद छात्रों केयू प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखी थीं, जो पूरी नहीं हुईं।
इसके बाद छात्रों का गुस्सा इस कदर भड़का कि छात्र सुबह से ही वीसी आफिस के बाहर इकट्ठा होने शुरू हो गए। यहां वीसी के नहीं मिलने पर छात्रों का गुस्सा और भड़क गया।
उन्होंने पहले कुरुक्षेत्र-कैथल और पिहोवा मार्ग पर जाम लगा दिया। इसके बाद वे रेलवे ट्रैक पर पहुंचे और कुरुक्षेत्र जींद मार्ग पर भी जाम लगा दिया।
इससे पहले छात्रों ने केयू परिसर में कई जगह तोड़फोड़ की। छात्रों ने कई विभागों में तोड़फोड़ करते हुए सीसीटीवी तहस-नहस कर दिए। कैमरों के तार उखाड़ दिए गए। छात्रों का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ, उन्होंने कुरुक्षेत्र-कैथल और पिहोवा मार्ग पर जाम लगा दिया।
इसके कारण यातायात भी काफी समय के लिए प्रभावित रहा। इसके बाद उन्होंने थर्ड गेट से एक किलोमीटर आगे गांव मिर्जापुर के निकट कुरुक्षेत्र-जींद रेलमार्ग पर जाम लगा दिया और पैसेंजर ट्रेन रोक दी।
रेलवे ट्रैक जाम की सूचना मिलने पर कुरुक्षेत्र जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक सुरेंद्र गुप्ता, जीआरपी और आरपीएफ मौके पर पहुंचे। उधर, सड़क और रेलवे ट्रैक पर जाम लगने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
इस दौरान कुछ छात्रों ने केयू के थर्ड गेट पर सिक्योरिटी रूम पर तोड़फोड़ की और वहां रखे पंखे और कुर्सियों को भी तोड़ दिया।
इतना ही नहीं केयू में आने जाने वाले रास्ते पर रोक लगा दी और प्लास्टिक से बने डिवाइडर और टायर को कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर डालकर आग लगा दी।
यहां भी केयू प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मामले को शांत करने का प्रयास किया। एसएसपी, एसडीएम और डीएसपी निर्मल सिंह मौके पर पहुंचे।