नवविवाहित दंपति ने एक-दूसरे पर एचआईवी संक्रमित करने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को दोनों पक्षों को पुलिस महिला सेल में बुलाया गया। हालांकि, कोई नतीजा न निकलने पर युवती ने अदालत में जाने का मन बनाया है।
एचआईवी संक्रमित होने का मामला सामने आने के बाद दोनों परिवार में हड़कंप मचा है।
सिरसा निवासी युवती की शादी बीते 24 जनवरी को राजस्थान के गांव पोहड़का निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद युवती बीमार रहने लगी। सामान्य अस्पताल में डॉक्टर ने एचआईवी की जांच करवाने की सलाह दी।
14 जून को उसने जांच करवाई तो एचआईवी पॉजीटिव निकला। युवती का आरोप है कि युवक पहले से ही एचआईवी पीड़ित था। इस बात को परिजन अच्छी तरह से जानते थे, लेकिन इसे छिपाकर शादी की।
उससे दहेज की भी मांग की जाती रही। दोनों में अनबन के बाद युवती मायके में रहने लगी। युवती की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले की जंाच महिला प्रकोष्ठ की प्रभारी एसआई कौशल्या देवी को सौंपी।
महिला सेल कार्यालय में शुक्रवार को दोनो पक्षों के बयान दर्ज किए गए। युवक और उसके परिजनों का आरोप है कि युवती पहले से एचआईवी पॉजीटिव थी, जबकि युवती का आरोप है कि युवक शादी से पहले ही एचआईवी पॉजीटिव था।
महिला सेल की उप निरीक्षक कौशल्या देवी ने बताया कि युवती ने बयान दिया है कि अब वह इस मामले को अदालत में ले जाना चाहती है। जांच रिपोर्ट एसएसपी के सामने प्रस्तुत की जाएगी।