कुरुक्षेत्र पुलिस अपराध शाखा ने दो सितंबर 2013 को सलारपुर रोड पर बीड़ी एजेंसी के मालिक से हुई दो लाख रुपये की लूट के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दो सितंबर की रात को बाइक सवार दो युवकों ने बीड़ी एजेंसी मालिक पर हमला कर उससे दो लाख रुपये लूट लिए थे। इस मामले में पुलिस ने एजेंसी के मालिक के नौकर सहित तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक वाई पूर्ण कुमार ने बताया कि दो सितंबर को सिंगला निवाली संदीप ने थाना शहर कुरुक्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई थी कि रात के समय वह दुकान बंद कर रहा था तो इस दौरान बाइक पर दो अज्ञात युवक आए और उन पर और उनके नौकर रिंकू पर तेजधार हथियार से हमला कर नकदी लूट कर फरार हो गए।
पुलिस ने इस संदर्भ में शहर थानेसर थाना में मामला दर्ज कर मामले की जांच अपराध शाखा-1 को सौंपी थी। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को काबू किया।
उन्होंने बताया कि नौकर रिंकू पुत्र पूर्ण चंद निवासी आकाश नगर कुरुक्षेत्र, सुमित उर्फ मीतू पुत्र फूल सिंह निवासी ब्राहृमणखेड़ी और चरण दास उर्फ बंटी पुत्र राम किशन निवासी खिजरपुरा को गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।