हरियाणा में गांव दनचोली में बुधवार रात चोरों ने तीन मकानों के ताले तोड़ लाखों की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। मकान मालिकों के बयान पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात चोरों ने गांव दनचोली में हिम्मत सिंह, राजेंद्र सिंह और विक्रम के मकान को अपना निशाना बनाया।
चोरों ने देर रात हिम्मत सिंह के मकान में घुसकर एक कमरे का ताला तोड़कर पांच हजार की नकदी, ढाई तोले सोने की चेन, सोने की एक अंगूठी, सोने की तीन लौंग, एक किलो चांदी के आभूषण, दस चांदी के सिक्के, एक चांदी की चेन समेत कई कीमती सामान चुरा लिया।
चोरी हुए सामान की बाजार में कीमत करीब दो लाख रुपये है। चोरी की घटना के समय मकान मालिक और परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरों में सो रहे थे। वहीं दूसरी ओर चोरों ने गांव के राजेंद्र के मकान में घुसकर कमरे का ताला तोड़ा और अंदर रखी बड़ी संदूक उठाकर घर से दूर बाजरे के खेत में ले गए।
वहां उन्होंने संदूक से कीमती सामान चुरा लिया। इसके बाद चोर विक्रम सिंह के मकान में घुसे और कमरे का ताला तोड़ा लेकिन आवाज सुनकर विक्रम की मां के नींद से जाग जाने पर चोर वहां से भाग निकले। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटनाओं का सुराग लगाने की मांग की है।