प्रदेश सरकार द्वारा मांग न मानने से नाराज प्रदेश के सभी विभागों के लाखों कर्मचारी हरियाणा कर्मचारी तालमेल कमेटी के तत्वाधान में होने वाली 21 से 23 जनवरी (72 घंटे) की हड़ताल में शामिल होंगे।
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के मुख्य संगठनकर्ता वीरेंद्र डंगवाल राज्य कमेटी के नेता मित्रपाल राणा व रामआसरे यादव ने सोमवार को जिला पलवल के आईटीआई, बिजली निगम, जन स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, सिंचाई विभाग, नगर परिषद व पालिका और हुडा के कर्मचारियों के साथ बैठक की। बैठक में कर्मचारियों ने कहा कि अगर सरकार ने कर्मचारियों के शांति पूर्ण आंदोलन को कुचलने का प्रयास किया तो हड़ताल को अनिश्चित काल के लिए बढ़ा दिया जाएगा। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान रमेश चंद, सचिव बनवारी लाल, वित्त सचिव देवी सिंह सहजवार व ब्लॉक प्रधान हनुमान प्रसाद पाठक शामिल थे।
नेताओं ने बताया प्रदेश के मुख्यमंत्री ने 15 अगस्त 2008 को पलवल जिला बनाते समय सभा में घोषणा कि थी कि प्रदेश के कर्मचारियों को केंद्र के समान वेतन व भत्ते दिए जाऐंगे। इसके अलावा कर्मचारियों की अन्य मांगों को पूरा करने का वायदा किया था, लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। बैठकों में बिजली कर्मचारी नेता राजेश शर्मा, धर्मचंद, वर्कर यूनियन के नेता देवी सिंह बेचैन, योगेश शर्मा, जिले सिंह, भजन लाल, चरण सिंह चौहान, स्वास्थ्य विभाग के नेता दिवाकर प्रताप व चंदीलाल, सतीशचंद, रोडवेज के नेता कुलबीर व देशराज मुख्य रूप से मौजूद थे।