गन्नौर। दिल्ली इंटरनेशनल कार्गो टर्मिनल (डीआईसीटी) में सिक्योरिटी इंचार्ज पर बाइक सवार नकाबपोश युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सिक्योरिटी इंचार्ज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने मामले की शिकायत थाना गन्नौर में दी है।
दिल्ली के नजफगढ़ निवासी प्रवीन वर्मा ने बताया कि वह 1 जून की शाम ड्यूटी समाप्त करने के बाद घर लौट रहे थे। जब वे कंपनी से लगभग एक किलोमीटर दूर पहुंचे, तभी दो बाइक पर सवार चार युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर हाथों में डंडे लेकर आए और बुरी तरह से पीटने शुरू कर दिया।
हमलावरों ने मारपीट करने के बाद जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग गए। प्रवीन वर्मा ने बताया कि हमलावरों ने अपनी बाइक की नंबर प्लेट कपड़े से ढक रखी थी जिससे उनकी पहचान न हो सके। गन्नौर थाना पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।