खरखौदा। राष्ट्रीय राजमार्ग-334बी के झरोठी टोल प्लाजा के पास स्थित किराने व चाय की दुकान पर बैठे झरोठी गांव के युवक पर लगातार दूसरे दिन गांव के ही युवकों ने हमला कर दिया।
घायल नवीन ने बताया कि आरोपियों ने एक दिन पहले भी इस दुकान पर आकर दुकान मालिक पर हमला किया था। घायल की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों को नामजद कर अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
गांव झरोठी के नवीन ने बताया कि कि वह रविवार को अपने दोस्त दीपक की दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव के ही सुनील, टिंकू व अंकित अपने 15-20 अन्य साथियों के साथ आए और कहने लगे कि तुझे इस दुकान पर बैठने का मजा चखाते हैं। इसके बाद उन्होंने उन पर लाठी-डंडों व थप्पड़-मुक्कों से हमला कर दिया।
वह अपने बचाव में भागने लगे तभी आरोपियों ने उन्हें पकड़कर पीटा और धमकी दी कि जान से मार देंगे। इसके बाद वह मौके से अपनी गाड़ी में बैठकर भाग गए।
नवीन का कहना है कि एक दिन पहले ही उक्त युवकों ने दुकान मालिक कंवाली निवासी दीपक के साथ भी मारपीट की थी। दीपक ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करवाया था, जिसकी रंजिश रखते हुए आरोपी दोबारा हमला करने दुकान पर आए थे।