सोनीपत के गांव राठधना के पास सेक्टर-4 खेल कांप्लेक्स से आगे हमलावरों ने बाइक सवार युवक की धारदार हथियार व डंडे से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। वह मायके आई बहन को उसके ससुराल जाने के लिए बाइक पर बैठाकर सोनीपत-बहालगढ़ रोड पर काली माता मंदिर के पास छोड़ने आए थे। बहन को ऑटो में बैठाकर वापस गए तो हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। सूचना के बाद एसीपी राजपाल व पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई है।
गांव राठधना निवासी प्रदीप कुमार (23) सफाई का कार्य करते थे। उनकी बहन सुशीला रक्षाबंधन पर अपने मायके आई थी। वह रविवार दोपहर को अपने ससुराल कथूरा जाने के लिए भाई प्रदीप कुमार के साथ बाइक पर निकली थीं। प्रदीप ने अपनी बहन को बहालगढ़-सोनीपत रोड स्थित काला माता मंदिर के पास से ऑटो में बैठा दिया था। जिसके बाद वह वापस घर आ रहे थे।
जब वह सेक्टर-4 खेल कांप्लेक्स से आगे गांव की तरफ जाने लगे तो इसी दौरान हमलावरों ने पहले डंडे से हमला किया। वह भागने लगे तो उन पर धारदार हथियार से कई वार कर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर हमलावर भाग गए। मामले का पता लगते ही परिजन मौके पर पहुंचे। जिस पर पुलिस को अवगत कराया गया। सूचना के बाद एसीपी राजपाल सिंह अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके पर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
छह भाई-बहनों में छोटे थे प्रदीप
ग्रामीणों ने बताया कि प्रदीप छह भाई-बहनों में छोटे थे। उनके भाई व बहनों की शादी हो चुकी है। वह अविवाहित थे। सफाई का कार्य कर परिवार के पालन-पोषण में योगदान देते थे। उनकी मौत से परिजनों का रोकर बुरा हाल है।