मटिंडू-सिसाना रोड पर गांव मटिंडू के पास कार सवार हमलावरों ने बाइक सवार एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। युवक का दोस्त मौके से जान बचाकर भाग निकला। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए। युवक के पिता ने हत्या का आरोप थाना कलां के रहने वाले युवक और उसके साथियों पर लगाया है। पुलिस ने एक नामजद समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस हमलावरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
शनिवार को गांव मटिंडू निवासी दीपक (22) अपने दोस्त प्रदीप के साथ बाइक पर सवार होकर खेत में काम कर रहे मजदूरों को खाना देने जा रहा था, जब दोनों खेतों के पास पहुंचे तो पीछे से आई एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दीपक के पिता टेकराम उस तरफ दौड़े। टेकराम ने बताया कार से थाना कला निवासी संदीप और तीन-चार अन्य युवक उतरे।
उनके हाथों में हथियार थे। उन्हें देखकर उनके बेटे का दोस्त प्रदीप मौके से भाग गया, जबकि संदीप और उसके साथियों ने दीपक को गोली मार दी। गोली मारकर हमलावर कार में सवार होकर सिसाना की तरफ भाग गए। उन्होंने दीपक को खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनको रेफर कर दिया।
वह बेटे को जब सोनीपत के सामान्य अस्पताल में ले जा रहे थे तो उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। टेकराम की शिकायत पर पुलिस ने संदीप और तीन-चार अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हमलावरों से दीपक के दोस्त की हुई थी कहासुनी
दीपक के पिता ने बताया कि उसके बेटे की किसी से रंजिश नहीं थी। उसके दोस्त प्रदीप के साथ संदीप की करीब चार महीने पहले कहासुनी की थी। संदीप कई दिन से गांव के आसपास कार में घूम रहा था। बताया गया है कि वह प्रदीप के साथ हुई कहासुनी में उस पर हमला करने आया था। मगर हमलावरों के कार से टक्कर मारने के बाद प्रदीप ने मौके से भाग कर जान बचा ली, लेकिन आरोपियों ने दीपक की गोली मार कर हत्या कर दी।
दो बहनों का इकलौता भाई था दीपक
हमलावरों की गोली का शिकार हुआ दीपक अपने पिता का इकलौता बेटा था। अब उसके परिवार में दो बहन और माता-पिता रह गए हैं। उनकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है और छोटी बहन अविवाहित है। वारदात के बाद से परिवार के सदस्यों का रोकर बुरा हाल है।
आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा
युवक के पिता ने थाना कला गांव के युवक संदीप और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जिसके बाद ही वारदात के कारणों से पर्दा उठ सकेगा।
-अरुण कुमार, थाना प्रभारी, खरखौदा।