सोनीपत। गांव भठगांव से सीआईए की टीम ने गांजापत्ती की खेप के साथ मंगलवार देर रात तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। उनमें एक युवक ओडिशा से 79 किलो 300 ग्राम गांजापत्ती साढ़े चार लाख रुपये में लेकर आया था। वहीं दो अन्य सप्लाई के लिए नशीला पदार्थ खरीदने आए थे। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सीआईए-1 प्रभारी रवींद्र कुमार ने बताया कि उनकी टीम में शामिल एएसआई मंदीप सिंह अपनी टीम के साथ मंगलवार देर रात रतनगढ़ रोड पर भठगांव के पास गश्त पर था। वहां पर सूचना मिली कि यशबीर उर्फ हसबीर निवासी भठगांव गांजापत्ती लेकर आने व बेचने का धंधा करता है। शमशान स्थल के पास सुमित के अमरूद के बाग में बने कमरे में बड़ी मात्रा में गांजा-पत्ती को छिपाया गया है। वहीं से उसकी बिक्री की जा रही है। उनके गांव के ही मोहित व सुमित नशीले पदार्थ की सप्लाई करते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापा मारकर तीनों को पकड़ लिया। पुलिस ने यशबीर को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।