चक्कर आकर ट्रेन के आगे गिरे युवक को निकालकर पूछताछ करते जीआरपी कर्मचारी।...संवाद
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। दिल्ली जाने के लिए प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ा युवक अचानक ट्रेन के आगे गिर पड़ा। लोको पायलट को इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़े। गनीमत नहीं कि युवक प्लेटफार्म व ट्रेन के बीच फंसा रहा, जिससे उसकी जान बच गई। मौके पर पहुंची जीआरपी ने लोगों की सहायता से युवक को ट्रेन के नीचे से निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद युवक को छुट्टी दे दी गई।
दिल्ली कैंप निवासी विनोद कुमार सोमवार सुबह दिल्ली जाने के लिए प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ा था। जम्मू से पूना जाने वाली 11078 झेलम एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार सुबह जब सोनीपत स्टेशन पर पहुंची, तभी प्लेटफार्म पर खड़ा युवक अचानक गिर पड़ा। घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। जीआरपी से जांच अधिकारी एएसआई अजय कुमार ने बताया कि युवक को अचानक चक्कर आ गया था, जिससे वह ट्रेन के आगे गिर गया। समय पर लोको पायलट की नजर पड़ गई, तभी युवक की जान बच सकी।