खरखौदा के एक नशा मुक्ति केंद्र में बुधवार को संदिग्ध हालात में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। करनाल के पूंडरी निवासी रामपाल (37) को उसके परिजनों ने 30 अप्रैल को ही खरखौदा के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया था। नशा मुक्ति केंद्र के कर्मी रामपाल को सुबह बेसुध हालत में खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
रामपाल के शरीर पर चोट के निशान हैं। इनके बारे में नशा मुक्ति केंद्र के कर्मचारियों का कहना है कि रामपाल की हालत ठीक नहीं थी। जिसके चलते वह पलंग से नीचे गिर गया और घायल हो गया। वह उसे अस्पताल में लेकर आए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मामले की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई है। जिनके आने पर ही पोस्टमार्टम होगा। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।