गांव जाटी कलां की व्यायामशाला में पड़ोसी गांव भैरा बांकीपुर के युवक का शव मिला है। युवक की पीट-पीटकर हत्या की गई है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने युवक के पिता के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव भैरा बांकीपुर के रहने वाले राजपाल ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि उसके दो बेटों में अर्जुन उर्फ चियां छोटा था। वह वीरवार शाम को करीब छह बजे घर से बाइक लेकर निकला था। उसके बाद नहीं लौटा। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। देर रात तक वापस नहीं आने पर परिवार के लोगों ने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शुक्रवार को सूचना मिली कि अर्जुन का शव जाटी कला गांव की व्यायामशाला में पड़ा है। मौके पर खून बिखरा हुआ है और उसकी बाइक भी खड़ी थी। किसी ने अर्जुन को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया था। उन्होंने मामले की सूचना कुंडली थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
नशे का आदी था युवक
युवक के पिता ने पुलिस को बताया है कि अर्जुन उर्फ चियां नशा करने का आदी था। उसका नशा छुड़वाने के लिए उपचार भी कराया जा रहा था। उसका ज्यादातर संपर्क नशा करने वाले युवकों से था। वह नशा करके पहले भी कई बार रात-रातभर घर से गायब हो गया था। इसके चलते परिवार के लोगों ने ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया। उसको डंडे और ईंट से बड़ी बेरहमी से पीटकर मारा गया है।
युवक की पीट-पीटकर हत्या करने की शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम में मौत के कारणों का पता लग सकेगा। मामले में गहनता से जांच की जा रही है। इंस्पेक्टर रवि कुमार, थाना प्रभारी कुंडली।