सोनीपत। विधानसभा चुनाव के परिणाम के लिए मंगलवार को मतगणना की जाएगी। मतगणना के हर पल की अपडेट देने के लिए चुनाव आयोग की तरफ से वेबसाइट शुरू की गई हैं। इसके अलावा वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से भी लोग घर बैठे चुनाव परिणाम आसानी से देख सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि चुनाव परिणाम की प्रमाणिक जानकारी केवल चुनाव आयोग के आधिकारिक स्रोतों से ही प्राप्त करें।
उन्होंने बताया कि चुनाव परिणाम के लिए भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) की वेबसाइट https://results.eci.gov.in या वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से चुनाव परिणाम की अपडेट रिपोर्ट सुगमता से ले सकते हैं। मंगलवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना होगी। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी। प्रत्येक राउंड की जानकारी ऑनलाइन अपडेट की जाएगी। इस दौरान मतगणना केंद्रों में और उनके आस पास केवल प्राधिकृत व्यक्ति, अधिकारी या कर्मचारी ही जा सकेंगे। ऐसे में चुनाव का परिणाम जानने के लिए आमजन को चुनाव आयोग की रिजल्ट वेबसाइट या फिर वोटर हेल्पलाइन का लाभ लेना चाहिए। आमजन को मतगणना केंद्र के आसपास जाने की इजाजत नहीं होगी। आमजन व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं को मतगणना क्षेत्र के आस-पास भीड़ करने की जरूरत नहीं है, बल्कि घर बैठे ही परिणाम जान सकते हैं।