गांव जुआं स्थित चौ. खजान सिंह व्यायामशाला (अखाड़ा) के दो पहलवानों ने राष्ट्रीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीते हैं।
पहलवानों के पदक जीतने पर गांव में खुशी का माहौल है। दोनों पहलवानों का गांव लौटने पर स्वागत किया जाएगा। कुश्ती प्रतियोगिता कर्नाटक के बंगलूरू स्थित कोरोमंडल इंडोर स्टेडियम में 6 से 8 दिसंबर तक आयोजित की गई थी।
प्रशिक्षक संजीत ने बताया कि गांव जुआं के अमित ने फ्री स्टाइल के 79 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, जाजी के पहलवान अंकित गुलिया ने ग्रीको रोमन वर्ग के 72 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अंकित ने सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एसएससीबी) की तरफ से प्रतिभागिता की थी। अंकित सेना में महाराष्ट्र के पूना स्थित आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट में अभ्यास करते हैं। अंकित ने वर्ष 2021 में कैडेट विश्व कुश्ती प्रतियोगिता, 2022 में एशियन कुश्ती प्रतियोगिता व 2023 में इजिप्ट में हुई दूसरी विश्व रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य जीता था। प्रशिक्षक राजबीर छिक्कारा, आर्मी के पूर्व मुख्य प्रशिक्षक बलवंत छिक्कारा, प्रशिक्षक डालमिया, रविंद्र छिक्कारा, गुरु प्रताप सिंह, विकास दहिया, अमित के पिता बिजेंद्र, रजनीश व टीनू ने बधाई दी।