नोट बंदी के बाद से बैंक खाते से नकदी उड़ाने के मामलों में भी लगातार इजाफा होता जा रहा है। साइबर अपराधी लोगों के मोबाइल फोन पर उनके बैंक खाते की जानकारी लेकर उन्हें चूना लगा रहे हैं। एक दिन पहले विकास नगर के व्यक्ति के खाते से नकदी उड़ाने के मामले में अभी पुलिस उलझी हुई थी कि शुक्रवार को राष्ट्रीय स्तर के पहलवान ने उसके व उसके साथी के बैंक खाते से 90 हजार रुपये उड़ाए जाने की शिकायत दे दी। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। इस बार ठगी का शिकार हुआ पहलवान राठधना गांव का रहने वाला है। पुलिस ने ठगी करने वाले की तलाश के लिए प्रयास शुरू कर दिया है।
गांव राठधाना निवासी सुखबीर ने पुलिस को बताया कि वह राष्ट्रीय स्तर का पहलवान रहा है। पिछले दिनों उसके मोबाइल पर फोन आया कि आपका एटीएम बंद हो गया है। उसे चालू कराने के लिए अपने एटीएम कार्ड व बैंक खाते की जानकारी दे। इस पर उसने अपने खाते की जानकारी युवक को मोबाइल पर दे दी। बाद में जब वह टैक्स जमा कराने के लिए गया तो उसे पता लगा कि उसके खाते में पैसे नहीं हैं। उसके खाते से 68 हजार रुपये निकाले गए हैं। उसने दोबारा से उसके पास आए फोन नंबर पर बात की। इस पर दूसरी तरफ से बोल रहे युवक ने कहा कि वह एक गारंटर के बैंक खाते की जानकारी उसे उपलब्ध कराए।
इस पर उसने अपने साथी गांव असावरपुर निवासी राजबीर के खाते के बारे में भी जानकारी दे दी। इस पर उसके साथी राजबीर के खाते से भी 22 हजार रुपये उड़ा लिए गए। तब सुखबीर को समझ आया कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। उसने मामले से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।
बैंक खाते की जानकारी लेकर 90 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम लगातार इस तरह के मामलों की तह तक जाने का प्रयास कर रही है। लोगों को भी इस दिशा में स्वयं जागरूक होना होगा। अपने बैंक खाते की जानकारी किसी भी सूरत में मोबाइल पर किसी को भी न दें। इससे धोखाधड़ी से आसानी से बचा जा सकता है।
-अशोक कुमार, सेक्टर-3 चौकी प्रभारी