झाड़ियों में मिले नवजात का उपचार करते चिकित्सक। संवाद
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। शहर के बहालगढ़ रोड पर निजी अस्पताल के पास झाड़ियों में एक नवजात कपड़े में लिपटा हुआ मिला। गांव फाजिलपुर के ग्रामीण ने बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचित किया। अस्पताल में बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव फाजिलपुर के प्रदीप कुमार ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। वह मंगलवार को अपने खेत में जा रहा था। जब वह बहालगढ़ रोड पर एक अस्पताल से पहले पहुंचा तो झाड़ियों में बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। उसने पास जाकर देखा तो एक बच्चा कपड़े में लिपटा पड़ा था। उसने बच्चे को उठाया और अन्य ग्रामीणों व पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में वहां पर कई ग्रामीण एकत्र हो गए। उन्होंने बच्चे को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। वहां पर बच्चे की स्थिति स्थिर बनी हुई है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि किसी अविवाहित ने लोकलाज के डर से बच्चे को वहां पर फेंक दिया।
झाड़ियों में मिला शिशु एक या दो दिन का है। उसको फेंकने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। फेंकने वाले स्थान के आसपास सीसीटीवी तलाश किए जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान का प्रयास किया जाएगा।
- इंस्पेक्टर प्रवीन कुमार, थाना प्रभारी, सेक्टर-27