फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज : भारत का 32 सदस्यीय दल रवाना, सोनीपत ट्रायल के दम पर मिली टीम में जगह

Sat, 27 Jun 2026 02:48 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
फोटो :: सोनीपत स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में विश्व तीरंदा
विज्ञापन
सोनीपत। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), बहालगढ़ के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में हुए ट्रायल के आधार पर चयनित भारत का 32 सदस्यीय पैरा तीरंदाजी दल विश्व मंच पर अपना दम दिखाने के लिए चेक गणराज्य रवाना हो गया। यह 27 जून से 5 जुलाई तक नोवे मेस्टो नाड मेटुजी में आयोजित होगा।
विज्ञापन

विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज में हरविंदर सिंह, शीतल देवी और भावना समेत देश के 16 दिग्गज पैरा तीरंदाज पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे। खिलाड़ियों के साथ 16 सदस्यीय कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ भी टीम का हिस्सा है।
भारतीय तीरंदाजी संघ के प्रशासनिक अधिकारी गुंजन अबरोल ने बताया कि हुंडई विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज के दूसरे चरण के लिए भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआई) ने 32 सदस्यीय भारतीय दल को अंतिम रूप दिया। 16 खिलाड़ियों और 16 सदस्यीय कोचिंग व सपोर्ट स्टाफ का दल सोनीपत से चेक गणराज्य के लिए रवाना हो गया है।
विज्ञापन

भारतीय टीम का चयन 19 से 21 मई तक साई एनसीओई सोनीपत में आयोजित द्वितीय पैरा असेसमेंट ट्रायल के प्रदर्शन के आधार पर किया गया। टीम में देश के कई अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पैरा तीरंदाजों को शामिल किया गया है जिनसे पदक जीतने की बड़ी उम्मीदें हैं।
यह टीम हुईं चयनित

पैरा रिकर्व

पुरुष वर्ग में विजय सुंडी, पैरालंपिक पदक विजेता हरविंदर सिंह और साहिल को मौका मिला है जबकि महिला वर्ग में भावना, पूजा और पूजा कुमारी भारतीय चुनौती पेश करेंगी।

पैरा कंपाउंड
पुरुष वर्ग में तोमन कुमार, श्याम सुंदर स्वामी और विवेक छिक्कारा का चयन हुआ है। वहीं महिला वर्ग में स्टार तीरंदाज शीतल देवी, पायल नाग और ज्योति टीम का हिस्सा हैं।

डब्ल्यू-1
पुरुष वर्ग में आदिल मोहम्मद नजीर अंसारी और विनायक अमोल ब्रीड को टीम में जगह मिली है जबकि महिला वर्ग में स्वाति चौधरी देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं दृष्टिबाधित (वीआई-1) पुरुष वर्ग में युगल गर्ग भारतीय टीम का हिस्सा होंगे।

कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ भी रहेगा साथ
भारतीय दल के साथ पांच कोच, दो फिजियोथेरेपिस्ट, एक मनोवैज्ञानिक और खिलाड़ियों के सहयोग के लिए विभिन्न अटेंडेंट भी चेक गणराज्य गए हैं। कोचिंग स्टाफ में महर्षि महेंद्र सिंकू, सुरेंद्र सिंह, पंकज सिंह, गौरव शर्मा और रंजीत राजेंद्र चामले शामिल हैं। जय सिंह यादव और मेघना नंदी फिजियोथेरेपिस्ट की भूमिका निभाएंगे जबकि देवेशी खन्ना खिलाड़ियों को मानसिक रूप से मजबूत बनाने की जिम्मेदारी संभालेंगी।


साई की कार्यकारी निदेशक ने बधाई देकर किया रवाना
साई की कार्यकारी निदेशक ऋतु पथिक ने पैरा तीरंदाजी दल को बधाई देकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि भारतीय दल के सभी सदस्य बेहतरीन प्रदर्शन कर रहें हैं। भारतीय दल विश्व स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर तिरंगे का मान बढ़ाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें