फोटो 19: गोहाना में युवक के सेप्टिक टैंक में डूबने के बाद पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में
गोहाना। गांव सैनीपुरा में निर्माणाधीन मकान में सेप्टिक टैंक में पैर फिसल कर गिरने से श्रमिक की मौत हो गई। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
पानीपत के गांव उरलाना निवासी अंकित (19) गांव के ही राजमिस्त्री सुरेंद्र के साथ काम करते थे। वह फिलहाल गोहाना के गांव सैनीपुरा में निर्माणाधीन मकान में मजदूरी कर रहे थे। शनिवार को भी दोनों काम करने पहुंचे थे। अंकित दोपहर बाद मिस्त्री को लघुशंका के लिए जाने की कहकर निर्माणाधीन मकान में ही सेप्टिक टैंक की तरफ गए थे। टैंक का आधा हिस्सा खुला पड़ा था और यह करीब सात-आठ फुट गहरा है। इसमें करीब पांच फुट तक पानी भरा हुआ था। टैंक के पास पैर फिसलने से अंकित टैंक में गिर कर डूब गए। काफी देर तक वह वापस नहीं लौटे तो मिस्त्री तलाश करते हुए टैंक के पास गए। टैंक के पानी में चप्पल तैरती नजर आई तो उन्होंने ध्यान से देखा। पानी में अंकित का पैर नजर आया। मिस्त्री ने आवाज देकर आसपास के लोगों को बुलाया और अंकित को टैंक से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में अंकित को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अंकित बीमार रहते थे।