फोटो 22- सोनीपत में भाजपा जिलाध्यक्ष जसबीर दोदवा को मांगों संबंधित ज्ञापन सौंपते हुकटा के पदाधि
सोनीपत। हरियाणा विश्वविद्यालय संविदा शिक्षक संघ (हुकटा) का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष जसबीर दोदवा से उनके निवास पर मिला और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इसमें 50 हजार रुपये से अधिक वेतन वाले विश्वविद्यालय के अनुबंध सहायक प्रोफेसरों व कॉलेज के एक्सटेंशन लेक्चरर की सेवा सुरक्षा अध्यादेश-2 के साथ ही सेवा सुरक्षा का कानून बनाने की मांग की।
हुकटा के प्रदेशाध्यक्ष विजय कुमार मलिक ने बताया कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों में अनुबंध पर करीब 1500 सहायक प्रोफेसर कार्यरत हैं। इनका वेतन 50 हजार रुपये से कुछ अधिक है, जिस कारण वह अनुबंधित कर्मचारियों की सेवाओं को सुरक्षित करने के कानूनी दायरे में नहीं आ पाए थे। हमारी मांग है कि प्रदेश के सभी सरकारी विश्वविद्यालय के अनुबंधित सहायक प्रोफेसरों को नियमित होने तक इसी विधानसभा सत्र में कॉलेज के एक्सटेंशन लेक्चरर के अध्यादेश-2 के साथ ही सेवा सुरक्षा प्रदान करें। जिलाध्यक्ष जसबीर दोदवा ने कहा कि कॉलेज के एक्सटेंशन लेक्चरर व विवि के अनुबंधित सहायक प्रोफेसर दोनों ही उच्च शिक्षा विभाग में आते हैं। दोनों की योग्यताएं व वेतन भी समान हैं। जब एक्सटेंशन लेक्चरर के लिए सेवा सुरक्षा अध्यादेश-2 आ रहा है तो हम विधानसभा में विवि के अनुबंधित सहायक प्रोफेसरों को भी इस दायरे में लाने प्रयास करेंगे। हुकटा की मांग है कि कॉलेज के एक्सटेंशन लेक्चरर के साथ ही विवि के अनुबंधित सहायक प्रोफेसरों को भी इसी सेवा सुरक्षा अध्यादेश-2 में शामिल किया जाए। इसके अलावा डीए व मेडिकल के लाभ के साथ ही अन्य सुविधाएं भी दी जाएं। इस दौरान मीनाक्षी, अंजना मिश्रा, अमित, मीनू पूनिया, पिंकी अन्य मौजूद रहे।