सोनीपत। लघु सचिवालय में वीरवार को सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी समिति की मासिक बैठक हुई। इसमें उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने सड़क निर्माण करने वाली एजेंसियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मिलकर कार्य करें अन्यथा संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। सड़क निर्माण एजेंसियां विभिन्न सड़कों पर ब्लैक स्पॉट को चिह्नित कर दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाएं। इससे आमजन को भविष्य में सुरक्षित आवागमन सुविधा प्रदान कर सके।
उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों व लघु सचिवालय सहित अन्य विभागों में दोपहिया वाहन पर आने वाले कर्मचारी हेलमेट का प्रयोग करें अन्यथा उनके चालान किए जाएंगे। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वह एनएच-44 पर जगह-जगह सीसीटीवी लगवाएं। इससे ओवर स्पीड वाहनों पर नजर रखकर उनके चालान किए जा सकेंगे। सहायक पुलिस आयुक्त राहुल देव ने बताया कि पुलिस विभाग ने ओवर स्पीड के ऑनलाइन 1825 चालान किए है। उन्होंने एसडीएम, एसीपी व संबंधित थाना प्रभारी की ड्यूटी लगाई कि वह एनएच-44 पर जांच करें कि किसी ने अवैध कट तो नहीं कर रखा है अगर ऐसा मामला पाया जाता है तो मुकदमा दर्ज करवाएं।
एनएच-44 पर चार एंबुलेंस की व्यवस्था करना जरूरी
उपायुक्त ने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह हाईवे पर एग्जिट और एंट्री के साइन बोर्ड लगवाएं ताकि लोगों को एनएच-44 पर परेशानी न हो। एनएच-44 पर चार एंबुलेंस की व्यवस्था करना सुनिश्चित करें। ककरोई रोड की तुरंत मरम्मत करें, अन्यथा अगली बैठक में संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। सभी एसडीएम को निर्देश दिए गए कि वह निरंतर स्कूल बसों की जांच कर खामियां मिलने पर चालान करें। सड़कों पर सफेद पट्टी लगवाने के साथ जहां मोड़ हैं, वहां साइन बोर्ड व रेलिंग लगवाएं। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने खनन अधिकारी को ड्रोन खरीदने के निर्देश दिए। इससे यमुना क्षेत्र में खनन करने वालों पर नजर बनाई रखी जा सकेगी।