कुंडली। गांव प्रीतमपुरा के सरपंच ने ही अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने मामले से पर्दा उठाते हुए सरपंच अनिल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते वारदात को अंजाम देना कुबूल किया है। सरपंच ने गाड़ी के अंदर पत्नी की गला दबाकर हत्या की थी। वारदात में उसका एक साथी भी शामिल था। बाद में वह उसके शव को सेक्टर-7 में फेंककर आ गया था। हालांकि पकड़े जाने के भय से वापस शव को गांव में ले गया था और आत्महत्या दर्शाने का प्रयास किया था। पुलिस ने सरपंच को चार दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस उसके साथी का पता लगा रही है।
विदित रहे कि गांव प्रीतमपुरा निवासी प्रीति (35) की 26 जुलाई की रात को संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई थी। प्रीति गांव प्रीतमपुरा के सरपंच अनिल की पत्नी थी। परिजनों ने बताया था कि प्रीति ने घर में फंदा लगा लिया है। इसी बीच सूचना यह भी आई थी कि सरपंच की पत्नी का शव सेक्टर-7 क्षेत्र में सुनसान स्थान पर पड़ा था और वहां से किसी ने इसे अस्पताल पहुंचाया। बाद में पुलिस ने प्रीति के भाई चिराग दिल्ली निवासी कपिल के बयान पर 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया था। महिला के भाई ने उसकी बहन के फंदा लगाकर जान देने की बात कही थी। पुलिस ने चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया तो महिला का गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने भाई कपिल को रात को बुलाकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया था।
मामले में पुलिस को सरपंच के बयान पर लगातार संदेह हो रहा था, जब उससे आत्महत्या बताने के बारे में पूछा तो वह कोई जवाब नहीं दे सका। साथ ही महिला के शव को सेक्टर-7 से बरामद करने की बात कही तो भी वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की तो सरपंच ने हत्या करना कुबूल कर लिया। उसने बताया कि पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है।
ऐसे आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस का कहना है कि सरपंच ने बताया था कि उसकी पत्नी ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। उसने अपने ससुराल वालों को भी संतुष्ट कर दिया था कि प्रीति ने आत्महत्या की है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरा मामला उजागर कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने बुधवार को सरपंच से पूछताछ की तो मामले से पर्दा उठ गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी सरपंच की पत्नी घटना के दिन सोनीपत सामान लेेने आई थी। उसने पत्नी को फोन किया और उसे लेने सोनीपत आ गया था। वापस घर जाते हुए गांव के पास स्थित केएमपी फ्लाईओवर के निकट गला दबाकर हत्या कर दी थी। मामले में उसका एक साथी और बताया गया है। पुलिस उसके बारे में पता लगा रही है।
हत्या कर सेक्टर-7 में फेंक दिया था शव
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आया है कि गांव के पास हत्या करने के बाद शव को सेक्टर-7 में फेंक दिया था। बाद में उसने साथियों और परिजनों को उसके लापता होने की बात कही। वह उसे तलाशते रहे। उसका शव सेक्टर-7 में मिलने के बाद सरपंच को पकड़े जाने का भय लगा तो वह शव को गांव में उठा ले गया। उसने मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया, लेकिन आखिरकार पकड़ा गया।
सरपंच के साथी का पता लगाया जा रहा है
गांव प्रीतमपुरा के सरपंच की पत्नी की मौत के मामले में परिजनों ने आत्महत्या की बात कही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या आने के बाद पुलिस ने मामले में गहनता से जांच की। सरपंच से पूछताछ में मामले का खुलासा हो गया। आरोपी को चार दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके साथी के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
रवींद्र, थाना प्रभारी, कुंडली