सोनीपत। शहर के अनिल विहार में दिनदहाड़े तीन नकाबपोश युवक छत के रास्ते घर में घुसे और महिला को चाकू दिखाकर सोने के आभूषण और 3 हजार की नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के समय महिला अपने बच्चों के साथ थी, जबकि सास पड़ोस में और पति ड्यूटी पर गया हुआ था। गोहाना रोड चौकी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अनिल विहार की रहने वाली सीमा ने पुलिस को बताया कि वह वीरवार दोपहर करीब 12 बजे बच्चों को पढ़ा रही थी। दरवाजे ही अंदर से कुंडी लगा रखी थी। इस दौरान तीन युवक छत के रास्ते घर में घुस आए और चाकू दिखाकर मारने की धमकी दी। उसके बाद उन्होंने कीमती सामान देने को कहा। डर के कारण उसने सोने का लॉकेज, दो सोने की चेन, सोने के टॉप्स, दो जोड़ी पाजेब और बच्चों की चार जोड़ी चांदी की कुंडली और तीन हजार रुपये दे दिए। इसके बाद आरोप फरार हो गए। बाद में पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।
पहने थे काले कपड़े, लगाया था काला नकाब
सीमा ने पुलिस को बताया कि उनके घर के अंदर छत के रास्ते घुसे तीनों युवकों ने चेहरे पर काला नकाब लगा रखा था। इतना ही नहीं तीनों ने काले रंग के ही कपड़े पहने थे। उन्होंने सीमा को कहा जो जेवर व कैश घर में है उसे जल्द निकलकर उन्हें दे दो।
महिला ने तीन युवकों पर घर में घुसकर लूटपाट का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवकों का पता लगाया जा रहा है। पीड़ित महिला के घर के पास निर्माण कार्य चल रहा है। वहां काम करने वाले मजदूरों से भी पूछताछ की जाएगी। - रामकुमार, प्रभारी, गोहाना रोड चौकी