सोनीपत/खरखौदा। कोर्ट परिसर में बदमाश अजय उर्फ बिट्टू बरोणा की हत्या के प्रयास और गांव में उसके पिता कृष्ण की गोलियां मारकर हत्या के मामले में मृतक की पत्नी ने इंस्पेक्टर सोनू मलिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका आरोप है कि रामकरण गिरोह के साथ मिलकर सोनू मलिक ने पूरा षड्यंत्र रचा। पुलिस कर्मी का नाम हत्या में आने के बाद डीएसपी ने मामले की गहनता से जांच कराने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं कृष्ण के शव का सुरक्षा के बीच सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। गांव में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
याद रहे कि रोहतक के गांधरा गांव के सत्यवान मलिक की गोली मारकर हत्या की गई थी। रामकरण के रिश्तेदार की हत्या का आरोप अजय उर्फ बिट्टू और संदीप गैंग पर लगा था। इसके बाद उसके परिवार के ही इंस्पेक्टर सोनू मलिक का नाम हत्या के षड्यंत्र में आया है। सोनू मलिक पर भी कुछ माह पहले जानलेवा हमला हुआ था। अब सामान्य अस्पताल में पति कृष्ण के शव का पोस्टमार्टम कराने पहुंची अजय की मां अनीता ने मामले में सोनू मलिक और रामकरण को ही जानलेवा हमले का मुख्य सूत्रधार बताया है। बता दें कि पूर्व डीटीसी इंस्पेक्टर कृष्ण (61) की वीरवार को स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने गांव में हत्या कर दी थी। कृष्ण के छोटे बेटे अजय का उपचार रोहतक में चल रहा है जबकि बड़ा बेटा दिनेश हत्या के आरोप में गुरुग्राम जेल में बंद है। शुक्रवार को कृष्ण के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि उनके छोटे भाई राजेंद्र ने दी। पुलिस की तरफ से कृष्ण के परिवार को सुरक्षा प्रदान कर दी गई और घर के बाहर गार्द की तैनाती की गई है।
गैंगवार के कारण हत्या किए जाने की बात सामने आई है। मामले में इंस्पेक्टर सोनू मलिक पर आरोप लगाए गए हैं। उसकी भूमिका की पूरी जांच की जाएगी। किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। - डॉ. रवींद्र कुमार, डीएसपी खरखौदा