सावधान...कोरोना का संक्रमण अब भयावह स्थिति में पहुंचने लगा है। लगातार बढ़ते मरीजों के साथ ही मौत का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। गांव खेड़ी तगा की रहने वाली 56 वर्षीय महिला की कोरोना से मौत की पुष्टि हुई है। जिससे कोरोना से मरने वालों को आंकड़ा 257 हो गया है। वहीं सोमवार को 799 संक्रमित मिलने के साथ आरटीपीसीआर रिपोर्ट में संक्रमण दर 81.28 फीसदी तक पहुंच गई है। इसके अनुसार हर 10 में से आठ व्यक्ति कोरोना संक्रमित है। आरटीपीसीआर के 935 सैंपलों में से 760 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। जवाहर नवोदय विद्यालय बुटाना में सबसे ज्यादा 32 विद्यार्थी और 9 स्टाफ कर्मी संक्रमित मिले हैं। यह अब तक की सबसे बड़ी संक्रमण दर है। वहीं 253 मरीजों के ठीक होने के बाद सक्रिय केस 2527 हो गए हैं। 799 नए संक्रमित में से 5 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया और अन्य को होम आइसोलेट किया गया है।
सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय बुटाना में सबसे ज्यादा 32 विद्यार्थी व 9 स्टाफ कर्मी संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा गोहाना शहर में 32 लोग, कुंडली में 28 लोग, जिंदल ग्लोबल सिटी में 21 लोग, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में 14 कर्मी, जिला कारागार में 9 लोग, मुंडलाना में नौ लोग, जुआं में 9 लोगों समेत सोमवार को 799 नए संक्रमित मरीज मिले। संक्रमण दर बढ़ने के पीछे दिल्ली कनेक्शन को माना जा रहा है।
सोनीपत से रोजाना करीब 80 हजार लोग दिल्ली आवागमन करते हैं। सरकारी कर्मियों के साथ व्यापारी व दुकानदार भी लगातार दिल्ली आवागमन करते हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या के पीछे दिल्ली की निकटता को भी नकारा नहीं जा सकता है। सोनीपत के सीएमओ डॉ. जयकिशोर से लेकर प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज भी दिल्ली कनेक्शन से संक्रमण बढ़ने का अंदेशा जता चुके हैं।
दोगुना हो रहा कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा
कोरोना को लेकर दिन-प्रतिदिन हालात बिगड़ते जा रहे हैं। अचानक कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा दोगुना तक बढ़ गया है। अक्तूबर से लेकर 26 दिसंबर तक कोरोना के इक्का-दुक्का मरीज मिल रहे थे। 5 जनवरी को कोरोना के नए संक्रमितों का आंकड़ा 100 के पार हुआ था। चार दिन से आंकड़ों 400-500 तक आ रहा है। सोमवार को अचानक यह फिर से दोगुना हो गया। सोमवार को 799 नए संक्रमित मिले हैं। जिले में संक्रमित का कुल आंकड़ा 51 हजार 633 तक पहुंच गया है। इससे पहले 9 मई 2021 को जिले में 883 नए संक्रमित मिले थे। 253 मरीजों के ठीक होने के बाद सक्रिय केसों की संख्या 2527 हो गई है। अब तक 48 हजार 849 मरीज ठीक हो चुुके हैं।
सोमवार को 2002 लोगों के सैंपल लिए गए
सोमवार को 2002 लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए। इसमें 1621 आरटीपीसीआर और 381 रैपिड एंटीजन टेस्ट शामिल रहे। रैपिड एंटीजन टेस्ट की सभी रिपोर्ट सोमवार को ही प्राप्त हो गई थी। इसमें से 39 लोगों की रिपोर्ट संक्रमित पाई गई। पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसकी संक्रमण दर 10.24 फीसदी रही। वहीं आरटीपीसीआर की पुरानी 935 रिपोर्ट भी प्राप्त हुई। इसमें से 760 लोगों को संक्रमित पाया गया है। आरटीपीसीआर की रिपोर्ट आने के बाद सभी लोगों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। आरटीपीसीआर की संक्रमण दर 81.28 फीसदी रही।
सक्रिय केस अब ढाई हजार के पार
253 मरीजों के ठीक होने के बाद सक्रिय केसों की संख्या 2527 हो गई है। अब तक कोरोना के 51 हजार 633 मरीज मिल चुके हैं, जिसमें से 48 हजार 849 मरीज ठीक हो चुुके हैं और कोरोना के कारण 257 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार मिल रहे कोरोना के मरीजों को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने लोगों से सामाजिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाने की अपील की है। साथ ही कहा कि अगर किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी, जुकाम है तो वह स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर अपना कोरोना टेस्ट जरूर कराएं।
शुगर पीड़ित थी महिला
गांव खेड़ी तगा की रहने वाली 56 वर्षीय महिला की कोरोना से मौत होने की पुष्टि हुई है। महिला शुगर की मरीज थी। अचानक तबियत बिगड़ने पर उसकी 15 जनवरी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से उसे परिजन सीएचसी गन्नौर लेकर गए थे। वहां से उन्हें खानपुर रेफर किया गया था। रास्ते में उनकी मौत हो गई थी। उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।