वाहन की टक्कर से महिला की मौत
सोनीपत। ऋषि कॉलोनी में पिकअप गाड़ी के टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण महिला को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पीजीआई ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ऋषि कॉलोनी निवासी नागेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके घर पर छह जुलाई को बड़े भाई सोमेश की सगाई का कार्यक्रम था। उसकी बुआ रामरती बिहार के दरभंगा से सगाई में शामिल होने आई हुई थी। 7 जुलाई को सुबह करीब साढ़े 10 बजे उसकी बुआ रामरती गली से बाहर जा रही थी। तभी एक पिकअप ने लापरवाही से रामरती को पीछे से टक्कर मार दी, टक्कर लगने के कारण काफी चोटें लगी। वह बुआ को नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए ले गया। जहां चिकित्सक ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।