फोटो 19- सोनीपत की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी एक्सटेंशन में छठ महापर्व को लेकर बनाए गए घाट पर पानी मे
सोनीपत। श्रद्धा व आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन उपवास रखने वाले श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार के लिए सुख-शांति और समृद्धि की मन्नतें मांगीं। छठ मैया के पूजन के लिए यमुना के मिमारपुर, गढ़ मिरकपुर घाट, पश्चिमी यमुना नहर किनारे, एटलस रोड, बाबा कॉलोनी, कालूपुर चुंगी से लेकर मंदिरों में बने घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
जिले के अलग-अलग क्षेत्र में छठ महापर्व को लेकर अलग ही छटा बनी हुई है। घाट पर जगह-जगह छठी मैया के गीतों की गूंज है। कई श्रद्धालुओं ने अपनी गलियों में घाट तैयार कर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। शहर के एटलस रोड, ऋषि कॉलोनी, बाबा कॉलोनी, पंचशील कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी एक्सटेंशन में कृत्रिम रूप से घाट का निर्माण किया गया।
यमुना के घाटों पर रहा मनोहारी दृश्य, बनी अलग छटा
राई क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु छठ पूजन के लिए गढ़ मिरकपुर व मिमारपुर घाट पर पहुंचे। दोपहर के बाद घाट गुलजार हो गए थे। शाम को आकाश में लालिमा छाते ही अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया गया। रोहट के पास पश्चिमी यमुना नहर के किनारे भी श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही।
पूजन के बाद युवाओं ने की आतिशबाजी
अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते हुए पूजा-अर्चना के बाद कई घाट पर युवाओं ने आतिशबाजी की। कई जगह पुरुष श्रद्धालु भी उपवास रखने के बाद पूजन कर सूर्य को अर्घ्य देते दिखाई दिए।
आज उदीयमान सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य
श्रद्धालु मंगलवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर अपने व्रत का पारण करेंगे। अलसुबह से ही श्रद्धालु अपने आसपास के घाटों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे।
फोटो 19- सोनीपत की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी एक्सटेंशन में छठ महापर्व को लेकर बनाए गए घाट पर पानी मे