नप के पार्क में निर्माण कार्य करते मजदूर। संवाद
- फोटो : Sonipat
दिल्ली एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण को लेकर एनजीटी ने निर्माण कार्यों पर रोक लगाई है। इसके बावजूद शहर में एनजीटी के नियमों को ठेंगा दिखाकर निर्माण कार्य जारी है। हालात यह हैं कि नप के पार्क में ही निर्माण कार्य चल रहा है। पार्क में इंटरलॉकिंग टाइलें लगाने से पहले मशीनों के माध्यम से निर्माण सामग्री डाली जा रही है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि ठेकेदार को निर्माण कार्य नहीं करने के आदेश दिए गए हैं। अगर अब भी निर्माण कार्य चल रहा है तो उसे बंद कराया जाएगा।
शहर में बरोदा रोड स्थित नागरिक अस्पताल के पुराने भवन परिसर में नप द्वारा पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। एक करोड़ से अधिक की लागत में बनने वाले पार्क का निर्माण कार्य वर्ष 2019 में शुरू हुआ था। अब इसे अंतिम रूप दिया जा रहा था। पार्क की सफाई व इंटरलॉकिंग टाइलें लगाने के साथ ही अन्य कार्य भी होने बाकी हैं। इस बीच क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण के चलते एनजीटी की रोक के कारण अधिकारियों ने जिले में निर्माण कार्य रुकवा दिए थे। इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। रोक के बाद भी पार्क में निर्माण कार्य चल रहा है। एक मजदूर ने बताया कि पार्क के कुछ हिस्से में इंटरलॉकिंग टाइलें बिछाई जानी हैं। इससे पहले मशीन में निर्माण सामग्री का मिश्रण करके उसे डाला जा रहा है।
वर्जन
सभी निर्माण कार्यों को एनजीटी के आदेशानुसार रोका गया है। पार्क निर्माण कर रहे ठेकेदार को कार्य न करने के लिए कहा गया था। इसके बावजूद पार्क में निर्माण कार्य चल रहा है तो उसे रुकवाया जाएगा और ठेकेदार को चेतावनी भी दी जाएगी।
- अजय कुमार, कनिष्ठ अभियंता, नगर परिषद गोहाना