गोहाना की नई अनाज मंडी में दौरा करते एसडीएम विवेक आर्य। संवाद
गोहाना। जींद रोड स्थित अनाज मंडी में गेहूं के उठान को लेकर ट्रक चालक आढ़ती से डाला चार्ज (पैसे) की मांग कर रहे हैं। डाला चार्ज देने पर उठान जल्दी कर देते हैं। जो आढ़ती डाला चार्ज नहीं देते हैं उनके यहां पर गेहूं उठान के लिए गाड़ी नहीं लगाई जाती है। मामला संज्ञान में आने के बाद एसडीएम विवेक आर्य ने मंडी का दौरा किया और निर्देश दिए कि अब उठान ट्रांसपोर्टर, ट्रक चालक या आढ़ती के हिसाब से नहीं होगा। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के स्थानीय अधिकारी क्रम से गेहूं का उठान करवाएंगे।
गोहाना की नई अनाज मंडी में लगभग 15 लाख क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है, जिसमें से लगभग साढ़े चार लाख क्विंटल गेहूं का उठान होना बाकी है। जिन आढ़तियों के यहां से गेहूं का कम उठान हुआ है वह नाराज हैं। एसडीएम विवेक आर्य अनाज मंडी में गेहूं के उठान की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने आढ़तियों से बातचीत की। ट्रक यूनियन के अध्यक्ष बलजीत मलिक को भी मौके पर बुलाया गया। ट्रक यूनियन के अध्यक्ष ने कहा कि चालक इस बारे में मालिकों को भनक नहीं लगने देते हैं। आढ़ती और चालक ही आपस में सांठगांठ करते हैं। इस पर एसडीएम ने कहा कि अब हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारी अपने हिसाब से गेहूं का उठान करवाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को क्रम से सभी आढ़तियों के यहां से गेहूं का उठान करवाने के निर्देश दिए।