संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। नई अनाज मंडी में गेहूं खरीद शुरू नहीं होने से किसान और आढ़ती परेशान हैं। वहीं, रविवार को मार्केट कमेटी चेयरमैन निशांत छौक्कर, वाइस चेयरमैन योगेश कौशिक, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजीत कुमार व उपाध्यक्ष आशीष त्यागी ने मंडी का निरीक्षण किया।
आढ़तियों ने बताया कि कई ढेरियों में नमी मानक के अनुरूप है मगर गेहूं खरीदा नहीं जा रहा है। इससे किसानों को परेशानी हो रही है। प्रतिनिधिमंडल ने कई ढेरियों की नमी जांची तो वह मानक पर मिली। चेयरमैन निशांत छौक्कर ने उच्च अधिकारियों से बात कर तुरंत खरीद शुरू कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सोमवार से एजेंसी के माध्यम से गेहूं की खरीद शुरू की जाएगी। निशांत छौक्कर ने मुख्यमंत्री के 24 घंटे मंडी खुली रखने के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समय पर खरीद सुनिश्चित की जाएगी।
मंडी में 4,200 क्विंटल गेहूं पहुंचा
मंडी में अब तक 4,200 क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है। हैफेड व वेयरहाउस कॉरपोरेशन की ओर से गेहूं की खरीद की जाएगी। वहीं, आढ़तियों ने स्पष्ट किया है कि वह सरकार की बायोमीट्रिक प्रणाली का विरोध नहीं कर रहे। फूड ग्रेन एसोसिएशन के निर्णय के अनुसार इस पर स्थिति स्पष्ट होगी।