गोहाना। शुक्रवार रात हुई बारिश की वजह से कासंडी खरीद केंद्र पर रखा करीब 25 हजार क्विंटल गेहूं में नमी आई है जबकि खुले में पड़ा गेहूं भीग गया। इतना ही नहीं कुछ गेहूं खराब भी हो गया है। हालांकि आढ़तियों ने बारिश के दौरान तिरपाल लगाए थे जो आंधी वजह से उड़ गए। वहीं गोहाना की नई अनाज मंडी में रखे करीब साढे चार लाख क्विंटल गेहूं में भी नमी पहुंची है जिससे उठान प्रक्रिया प्रभावित रही।
गोहाना क्षेत्र में इस सीजन में अब तक 22 लाख 41 हजार 642 क्विंटल गेहूं की आवक हुई है, जबकि उठान 17 लाख 26 हजार 70 क्विंटल गेहूं का हो सकता है। चार लाख 80 हजार क्विंटल गेहूं अनाज मंडी व खरीद केंद्रों पर पड़ा है। शुक्रवार रात हुई बारिश के चलते आढ़तियों की परेशानी बढ़ा दी है। खरीद केंद्रों व अनाज मंडी में पड़े गेहूं में नमी पहुंची है। वहीं कासंडी खरीद केंद्र पर रखा गेहूं भीग गया है और हजारों क्विंटल गेहूं में नमी पहुंची है।
कासंडी खरीद केंद्र में गेहूं रखा हुआ है। आढ़तियों की तरफ से गेहूं लोड कर भेज दिया गया था, लेकिन गोदाम से गेहूं के 150 बैग वापस कर दिए गए। रात को 150 बैग ट्रक में रखे हुए थे। बारिश होने की वजह से गेहूं के बैग भीग गए। मजदूरों ने बैगों को सुबह ट्रक से उतारा है।
वर्जन
खरीदे गए गेहूं का तेजी से उठान किया जा रहा है। बारिश से बचाव के लिए गेहूं पर तिरपाल ढके जाते हैं। एजेंसियों को निर्देश दिए है कि वह उठान जल्दी से करें।-जितेंद्र कुमार, सचिव, मार्केट कमेटी, गोहाना।