खरखौदा। रोहतक मार्ग पर स्थित घर में घुसकर नकदी व मोबाइल चोरी करने के एक आरोपी को खरखौदा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी खरखौदा निवासी विपिन से चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
9 सितंबर 2023 को वार्ड नं. 2 रोहतक मार्ग निवासी स्वामी सदानंद उर्फ सत्यनारायण ने शिकायत दी थी कि 12 अगस्त को उनके कमरे से दो मोबाइल फोन व 62 हजार रुपये चोरी हो गए थे। 14 अगस्त को फिर से किसी ने उसके घर में घुसकर एक मोबाइल फोन चुरा लिया था। वह अपने स्तर पर चोर कर तलाश कर रहे थे कि 9 सितंबर को रात करीब 12 बजे खरखौदा निवासी विपिन उनके घर में घुस आया। वह जाग गए और उसके पीछे भागे। जिस पर वह दीवार फांदकर भाग गए। सदानंद का आरोप था कि विपिन ने ही पहले दो बार उनके घर में घुसकर नकदी व पैसे चोरी किए हैं। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विपिन को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे चोरी किया गया फोन भी बरामद हुआ है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।