सोनीपत। अंडर-17 आयुवर्ग फुटबॉल प्रतियोगिता की विजेता टीम का गैलोपियंस फुटबॉल क्लब पटेल नगर में स्वागत किया गया। टीम ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की। फुटबॉल प्रतियोगिता 26 से 27 अक्तूबर तक गांव राजलू गढ़ी में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में प्रदेश भर की करीब 40 टीमों ने हिस्सा लिया था।
क्लब के प्रधान गुलशन शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया। टीम ने पहले मुकाबले में पानीपत की टीम को 2-1 से हराया था। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में झज्जर के डाबोदा कलां की टीम को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल मुकाबले में दिल्ली की टीम को 3-0 से हराकर फाइनल में पहुंची। उन्होंने बताया कि फाइनल मुकाबला क्लब व गांव राजलू गढ़ी की टीम के मध्य खेला गया। निर्धारित समय पर दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। क्लब की टीम ने पेनल्टी शूटआउट में गांव राजलू गढ़ी की टीम को 6-5 से हराकर विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की। प्रशिक्षक नवीन मलिक ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता टीम को 7100 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। शालीन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब दिया गया। विजेता टीम को प्रशिक्षक केके सांगवान व प्रशिक्षक ईशान चौधरी ने बधाई दी।