फोटो : सोनीपत के बजाना खुर्द गांव में जलघर क उद्घाटन अवसर पर स्टार्टर का बटन दबाते विधायक देवें
- फोटो : Archive
गन्नौर। बजाना खुर्द गांव में करीब 7.18 करोड़ रुपये की लागत से तैयार जलघर का बुधवार को विधायक देवेंद्र कादियान ने उद्घाटन किया। जलघर से बजाना कलां, बजाना खुर्द और पुगथला गांवों में रोजाना करीब 1 एमएलडी यानी 10 लाख लीटर ट्रीटेड पानी की सप्लाई होगी। नहर के पानी को पहले जलघर के स्टॉक टैंक में जमा किया जाएगा और ट्रीटमेंट के बाद तीनों गांवों में सप्लाई दी जाएगी।
करीब तीन एकड़ में बने जलघर में नहर के पानी के भंडारण, ट्रीटमेंट और साफ पानी के स्टोरेज की व्यवस्था है। क्षेत्र में भूजल खारा होने और जलस्तर नीचे जाने से ग्रामीण लंबे समय से स्वच्छ पेयजल की समस्या से जूझ रहे थे। जलघर शुरू होने से उन्हें राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि तीनों गांवों में खारे पानी और गिरते भूजल स्तर को देखते हुए जलघर की जरूरत थी। अब नहर के पानी को ट्रीट कर ग्रामीणों को उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्वच्छ पेयजल मिलने के साथ भूजल पर निर्भरता भी कम होगी। उन्होंने जलघर परिसर में पौधरोपण भी किया।
इस दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता गौतम, उपमंडल अभियंता भूपेंद्र सिंह, जेई तेजबीर, ब्लॉक अध्यक्ष अनिल कुमार, सरपंच मेहर सिंह, ब्लॉक समिति सदस्य वीरेंद्र, पूर्व सरपंच रामसिंह और भीम सिंह समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
24 गांवों को मिलेगा यमुना का पानी
विधायक ने बताया कि गन्नौर क्षेत्र के करीब 24 गांवों में जल्द यमुना का स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की योजना है। इसके लिए सरकार ने करीब 78 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू होगा। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री के कारण कई गांवों में भूजल पीने योग्य नहीं बचा है। ऐसे में रेनीवेल योजना लोगों के लिए काफी लाभकारी होगी। संवाद