फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: बारिश से हुआ जलभराव, दिनभर थम-थमकर बरसे बदरा

Sat, 28 Dec 2024 01:22 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
सोनीपत। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शुक्रवार को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के चलते जिलेभर में जमकर बारिश हुई। शाम छह बजे तक औसतन 41.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश से शहर में पानी निकासी के दावों की पोल खुल गई और जलभराव हो गया। दिनभर थम-थमकर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार शनिवार को भी बारिश आने की संभावना है।
विज्ञापन

पश्चिमी विक्षोभ दोबारा सक्रिय होने से शुक्रवार तड़के पांच बजे फिर से बारिश शुरू हो गई। सुबह से ही रात तक रुक-रुककर बारिश होती रही। सोनीपत शहर में हुई बारिश के बाद जगह-जगह पानी भर गया। मामा भांजा चौक, रोहतक रोड, बहालगढ़ रोड, फाजिलपुर, सेक्टर-14 व 15, गीता भवन चौक, शनि मंदिर रोड, अग्रसेन चौक, सुभाष स्टेडियम के सामने, सूरी पेट्रोल पंप वाली गली के सामने समेत कई स्थानों पर जलभराव से आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सोनीपत बस अड्डे परिसर में भी यात्रियों को पानी व कीचड़ की वजह से परेशानी झेलनी पड़ी। शहरी क्षेत्रों में जलभराव से बाजारों में भी प्रतिकूल असर दिखाई दिया। दिनभर ज्यादातर दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते रहे। कई दुकानदारों ने तो दुकान भी बंद रखी। लोग घरों में दुबके रहे। बारिश से कई स्थानों पर हुए जलभराव में लोगों के वाहन भी थम गए। जाम की हालत भी बनी रही।



अधिकतम व न्यूनतम तापमान में अंतर हुआ कम

शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 10.1 दर्ज किया गया। अधिकतम व न्यूनतम में महज 3.8 डिग्री का अंतर रह गया। दिनभर सूर्य नहीं निकले। एक दिन पहले जिले का अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिन भर 10 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलती रही।
विज्ञापन




रबी सीजन की फसलों को फायदा

सोनीपत जिले में शीतकालीन बारिश से रबी सीजन की फसलों की बढ़वार पर भी असर पड़ेगा। किसानों को पाले से फसलों को बचाने के लिए सिंचाई नहीं करनी पड़ेगी। गेहूं के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की सब्जियों की बढ़वार भी बेहतर होगी। सोनीपत जिले में लगभग 1 लाख 45 हजार हैक्टेयर भूमि में गेहूं की बिजाई की गई है। किसानों को सिंचाई की मद में काफी फायदा हुआ है। मौसम विभाग के अनुमानों के अनुसार 28 दिसंबर को भी बारिश जारी रहेगी।



शाम चार बजे तक औसतन 29 एमएम बारिश

दिसंबर में कई वर्ष बाद अच्छी बारिश हुई है। शाम चार बजे तक 29 एमएम बारिश दर्ज की गई। हालांकि मौसम विभाग की तरफ से जारी आंकड़ों में शाम छह बजे तक औसतन 41.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। शाम चार बजे तक जारी आंकड़े में राई ब्लॉक में सबसे अधिक 51 एमएम, सोनीपत ब्लॉक में 45 एमएम, खरखौदा ब्लॉक में 29 एमएम, गन्नौर ब्लॉक में 20 एमएम, गोहाना ब्लॉक में 17 एमएम व खानपुर ब्लॉक में 13 एमएम बारिश हुई। रात आठ बजे तक बूंदाबांदी का दौर जारी था।



औद्योगिक क्षेत्र में सर्प पर गिरी बिजली

बारिश के दौरान बड़ी औद्योगिक क्षेत्र फेज 1 में प्लॉट नंबर 132 के बाहर बिजली गिर गई। बिजली वहां एक सर्प पर गिरी। जिससे सर्प झुलस गया। खुले में बिजली गिरने के कारण आस-पास नुकसान नहीं हुआ।



शुक्रवार सुबह से हो रही बारिश के दौरान शहर के मार्गों व गलियों में जलभराव हो गया था। सड़काें से पानी की निकासी कराने के लिए सफाई कर्मियों को सभी चौक पर भेज दिया था। कुछ जगहों पर पानी की निकासी बहुत कम हुई है। वहां पर निकासी के लिए उचित प्रबंध किए जाएंगे। इससे भविष्य में पानी निकासी में अड़चन होने की नौबत न आए।
विज्ञापन


- डॉ. नरेश कुमार, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम



दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसका असर शनिवार तक बना रहेगा। इस दौरान बारिश के साथ ओलावृष्टि की आशंका भी है।

- डॉ. प्रेमदीप, मौसम विशेषज्ञ केवीके सोनीपत
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें