एक तरफ रेलवे प्रशासन सोनीपत स्टेशन को उच्चस्तरीय सुविधाएं बढ़ाकर आदर्श स्टेशन बनाने की तैयार कर रहा है, वहीं यात्रियों को अभी तक मूलभूत सुविधाओं से जूझना पड़ रहा है। पिछले तीन दिनों से सोनीपत रेलवे स्टेशन व कालोनियों में पेयजल का संकट गहराया हुआ है। यहां पानी सप्लाई करने वाले दो पंप खराब पड़े हैं। प्लेटफार्म पर यात्री पानी की कमी से जूझते रहे। वहीं, रेलवे कॉलोनियों में पानी की सप्लाई बंद होने के बाद वहां अब टैंकरों से सप्लाई हो रही है।
टैंकरों से नहीं हो रही जरूरत की पूर्ति
सोनीपत रेलवे स्टेशन पर फैले पेयजल संकट से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे परिसर में दो पंप के खराब होने से यह समस्या बनी है। पेयजल की सप्लाई के लिए कालोनियों में टैंकर तक लगाए गए है। इससे जरूरत के अनुसार पूर्ति तक नहीं हो रही। रेलवे कालोनियों को अधिकारियों के प्रति भारी रोष बना हुआ है।
आरओ बंद रहने से सप्लाई वेंडरों की हो रही चांदी
रेलवे स्टेशन पर सप्लाई के दो पंप खराब होने से पेयजल का संकट बना हुआ है। पानी न आने से आरओ सिस्टम तक बंद हो गए। रविवार को स्टेशन परिसर में मीठे पानी की सुविधा न मिलने से लोगों को कड़वा पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ा। कई यात्रियों ने वेंडरों से पानी की बोतलें खरीद प्यास बुझानी पड़ी।
रेलवे परिसर में दो पंप खराब हैं। इससे कालोनियों व रेलवे स्टेशन पर पानी का संकट बना हुआ है। कालोनियों में पेयजल सुविधा के लिए पानी के टैंकर लगा दिए गए हैं। सोमवार तक पेयजल समस्या को दुरुस्त कर लिया जाएगा।
-पीके बहल, एसएसई, रेलवे