सोनीपत। प्रदेश में नई सरकार के गठन के लिए जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में 1291 बूथों पर आज मतदान होना है। जिला प्रशासन की से सभी पोलिंग पार्टियों को मोहाना बीट्स कॉलेज से शुक्रवार को बूथों के लिए रवाना किया गया। पोलिंग पार्टियों को सोनीपत, गोहाना, गन्नौर, राई, खरखौदा व बरोदा विधानसभा क्षेत्र के लिए ईवीएम सहित अन्य चुनावी सामग्री वितरित की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने शुक्रवार को गांव मोहाना स्थित बीट्स संस्थान में चुनाव सामग्री वितरण प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि शनिवार को होने वाले विधानसभा चुनाव पारदर्शी व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग एवं सतर्क है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां व प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। भयमुक्त वातावरण में सुरक्षित ढंग से निष्पक्ष व ईमानदारी के साथ चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराना प्रशासन का दायित्व है जिसे टीम वर्क के साथ पूरा किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 5 अक्तूबर को सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। मतदान शाम छह बजे समाप्त होगा। मतदान करवाने के बाद शाम को सभी पोलिंग पार्टियां वापस बीट्स कॉलेज मोहाना पहुंचकर अपनी ईवीएम और चुनाव सामग्री जमा करवाएंगी। मशीनों को विधानसभा अनुसार बने स्ट्रांग रूम में पूरी सुरक्षा की बीच रखा जाएगा। 8 अक्तूबर को बीट्स कॉलेज मोहाना में ही वोटों की गिनती की जाएगी।
शांति और सौहार्द बनाए रखें मतदाता
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने मतदाताओं से मतदान के दौरान शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। विधानसभा चुनाव में सभी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए मतदान करें और प्रजातंत्र को मजबूत बनाने में भागीदार बनें। निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
मतदान केंद्र परिसर में लोगों को बेवजह न होने दें खड़ा
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्र पर केवल मतदाताओं को ही प्रवेश करने की अनुमति है। मतदान करने उपरांत लोगों को बेवजह मतदान केंद्र परिसर में खड़ा न रहने दिया जाए। मतदान प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ सुरक्षित माहौल के बीच संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।