खरखौदा। उपमंडल कार्यालय में वीरवार को एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर के नेतृत्व में लगाए गए समाधान शिविर में गांव पिपली के ग्रामीणों ने खस्ताहाल गली का निर्माण करवाने की मांग रखी। ग्रामीणों ने बताया कि गांव की एक खस्ताहाल गली के कारण सभी ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ रही है।
आरोप है कि कुछ दबंग गली का निर्माण नहीं होने दे रहे हैं। ऐसे में प्रशासन सुनवाई कर समाधान करवाए। पिपली के ग्रामीणों ने समाधान शिविर में पहुंचकर एसडीएम को मांग पत्र भी दिया। ज्योति, सुनीता, सुशीला, शीला देवी, सुनीता देवी, संजीत, भारत, राहुल, अंशु ने बताया कि गांव में बोहला वाला रास्ता है, यहां बीपीएल परिवारों की बस्ती भी है।
इस गली का निर्माण करीब 15 वर्ष पहले करवाया गया था। यह रास्ता खेतों में आवाजाही करने में भी प्रयोग किया जाता है, लेकिन मौजूदा हाल में यह रास्ता पूरी तरह खस्ताहाल हो चुका है। ग्रामीणों को आवाजाही करने में परेशानी हो रही है। मुकेश, मोनिका, ओमबीर, राजेश, पवन, अशोक, नीतेश, भारत, मनीष, हरिओम ने बताया कि गली की समस्या पर सरपंच से मिल चुके हैं।
सरपंच भी गली के निर्माण को लेकर तैयार हो गए थे, लेकिन कुछ दबंग लोग उक्त गली का निर्माण नहीं होने दे रहे हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम ने मामले को लेकर बीडीपीओ से जवाब तलब किया है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।