फोटो : सोनीपत के स्वर्णप्रस्थ संग्रहालय पहुंचे फिल्म अभिनेता अनुज शर्मा। स्रोत: सोसाइटी
सोनीपत। फिल्म हीरा मंडी और सूर्य पुत्र कर्ण सीरियल में विदुर का अभिनय कर चुके फिल्म अभिनेता अनुज शर्मा मुंबई से मंगलवार को स्वर्णप्रस्थ संग्रहालय पहुंचे। सोनीपत सोसाइटी फॉर द डेवलेपमेंट एंड ब्यूटीफिकेशन ऑफ द सोनीपत टाउन के सदस्य सचिव राजेश खत्री ने उनका स्वागत कर 18 गैलरियों में स्थापित 100 से पांच हजार वर्ष पुरानी वस्तुओं की जानकारी दी।
फिल्म गैलरी को देख प्रभावित हुए अनुज ने बताया कि उनके पास पुराना वीडियो कैमरा है जिसको वे जल्द ही मुंबई से लाकर संग्रहालय को सौंप देंगे। उन्होंने हरियाणा के प्रसिद्ध बीन वादक सूरजभान का जिक्र करते हुए कहा कि वह बचपन में उनके विषय में काफी कुछ सुना करते थे लेकिन यहां आकर उनकी ओरिजनल बीन देखने को मिली है। यह काफी प्रभावित करने वाली वस्तु है।
इस दौरान ऋषि-मुनि गैलरी में अष्टधातु से निर्मित गौतम बुद्ध की प्रतिमा को देकर गांव कमासपुर की भी जानकारी ली। शौर्य गैलरी में उन्होंने तेग बहादुर के शीश की रक्षा करते हुए अपने शीश का बलिदान देने वाले खुशहाल सिंह दहिया को नमन किया।
सदस्य सचिव राजेश खत्री ने बताया कि 100 साल पहले खेतों में सिंचाई के लिए इस्तेमाल होने वाले रहट को संग्रहालय में स्थापित करने वाला कार्य अब अंतिम चरण में है। यहां देशी और विदेशी पर्यटकों से मुख्य आकर्षण का केंद्र रहने वाला 1856 में निर्मित भाप से चलने वाले रोड रोलर के लिए शेड का निर्माण किया किया जा रहा है ताकि धरोहर को धूप बारिश से बचाया जा सके।
संस्कृति मंत्रालय के अधीन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के माध्यम से सभी गैलरियों में वस्तुओं को स्थापित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री से समय लेकर लेकर जल्द संग्रहालय का उद्घाटन करवाकर देश को समर्पित करवा दिया जाएगा।