सोनीपत। नेशनल हाईवे-334बी पर गांव गढ़ मिरकपुर के पास वाहन की चपेट में आकर व्यक्ति की मौत हो गई। मानवता को शर्मसार कर वाहन चालक शव को रौंदते रहे। तड़के बाइक सवार ने पुलिस को बताया। पुलिस ने मांस के लोथड़ों को इकट्ठा कर नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है।
गांव मुकीमपुर निवासी रामकुवार ने बताया कि वह तड़के चार बजे बाइक पर सवार होकर निजी कार्य से वाया पलड़ी होते हुए यूपी के बागपत जा रहे थे। जब वह नेशनल हाईवे-334बी पर गढ़ मिरकपुर से आगे पहुंचे तो डिवाइडर के पास सड़क पर एक व्यक्ति का क्षत-विक्षप्त शव पड़ा था। उसे किसी वाहन ने लापरवाही से टक्कर मारकर कुचल दिया था। उसके बाद कई अन्य वाहन भी शव पर से गुजरते रहे। शव के ऊपर से वाहनों के गुजरने के कारण वह मांस के लोथड़ों में परिवर्तित हो चुका था। शव के लोथड़े काफी दूर तक बिखरे गुए थे। शव के अधिकांश भाग कुचले जा चुके थे । हाथ की हथेली और पैर का पंजा ही पहचान के योग्य था।
उन्होंने पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव के लोथड़ों को एकत्रित किया और कपड़े में बांधकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने रामकुवार के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।