प्याऊ मनियारी स्थित गंदे नाले के पास से वाहन चोरी निरोधक स्टाफ ने बाइक चोर गिरोह के तीन गुर्गों को गिरफ्तार कर चोरी की गईं तीन बाइक बरामद की हैं। आरोपियों ने बाइक पानीपत, सिटी सोनीपत व दिल्ली के नरेला से चोरी की थीं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कुंडली थाना क्षेत्र से पांच बाइक व एक स्कूटी चोरी करना भी स्वीकार किया। उन्हें पुलिस पहले ही लावारिस हालत में बरामद कर चुकी है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे शौक पूरा करने के लिए दोपहिया वाहन चोरी करते थे।
जिले में वाहन चोरी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हर दो दिन में औसतन तीन बाइक चोरी हो रही है। वाहन चोरी निरोधक स्टाफ के एचसी नरेश कुमार की टीम शिवपुरी नाका कुंडली पर मौजूद थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि तीन युवक चोरी की तीन बाइक बेचने के लिए आए हुए हैं। वे तीनों मोटरसाइकिल के साथ प्याऊ मनिहारी में गंदा नाला पुलिया के पास खड़े हैं। इस पर नरेश कुमार की टीम ने बताए गए स्थान की घेराबंदी कर तीनों को अलग-अलग बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपनी पहचान महावीर कॉलोनी सोनीपत के रहने वाले अरुण कुमार, कोट मोहल्ला सोनीपत के रहने वाले अमित उर्फ बिट्टू और फैज बाजार सोनीपत के रहने वाले साहिल के रूप में दी। वे तीनों बाइक के कोई कागजात नहीं दिखा सके। उन्होंने बताया कि तीनों बाइक चोरी की हैं और वे बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि अरुण के पास से मिली बाइक 24 मई को नरेला, दिल्ली से चोरी की थी। अमित उर्फ बिट्टू के पास से मिली बाइक 18 मई को सिटी थाना सोनीपत से चोरी की थी। वहीं साहिल के पास से बरामद हुई बाइक पानीपत सिटी थाना क्षेत्र से 6 मार्च को चोरी की थी।
कुंडली थाना क्षेत्र से पांच बाइक व स्कूटी चोरी की भी वारदात कुबूली
गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में कुंडली थाना क्षेत्र से बाइक चोरी की पांच व स्कूटी चोरी की एक वारदात भी कुबूली है। आरोपियों ने कुंडली थाना क्षेत्र से 4 अगस्त 2020, 27 अक्तूबर, 2020, 26 नवंबर 2020, 21 दिसंबर 2020, 24 अप्रैल व 25 अप्रैल को पांच बाइक व एक स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। पकड़े जाने से बचने के लिए चोरी किए वाहन के न बिकने की स्थिति में वे उसे लावारिस हालत में छोड़कर ग्राहक की तलाश शुरू कर देते थे। इस बीच उनके छह वाहनों को पुलिस ने लावारिस हालत में बरामद कर लिया।