फोटो : 15: सोनीपत के फरमाणा गांव में बलिदानी तेज सिंह की टूटी प्रतिमा। संवाद
खरखौदा । फरमाणा गांव में स्थापित बलिदानी तेज सिंह की प्रतिमा को शुक्रवार की रात को शरारती तत्वों ने खंडित कर दिया। इसका पता चलते ही ग्रामीणों ने स्मारक स्थल पर एकत्रित होकर रोष जताया और इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके साथ ही गहलावत खाप के अठगामा प्रधान सतबीर की अध्यक्षता में पंचायत हुई।
फरमाणा में 15 मई 1945 को जन्म लेने वाले तेज सिंह ने 12 नवंबर 1963 को 13 राज राइफल्स में भर्ती होकर देश सेवा शुरू की थी। उन्होंने 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अदम्य साहस का प्रदर्शन किया और देश की रक्षा में अग्रणी भूमिका निभाई। उनके वीरता पदकों में रक्षा पदक, समर सेवा पदक, सैन्य सेवा सम्मान और नागा हिल्स अभियान पदक शामिल रहे।
तीन नवंबर को ही तेज सिंह को बलिदान दिवस पर नमन करते हुए स्मारक स्थल बनाकर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया था लेकिन शुक्रवार की रात को शरारती तत्व ने उनकी प्रतिमा को खंडित कर दिया। यह सूचना मिलते ही गांव में रोष पैदा हो गया। शनिवार की सुबह गांव के सरपंच जगदीश सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रोष जताया।
सूचना मिलने के बाद विधायक पवन खरखौदा भी स्मारक स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को कार्रवाई करवाने का भरोसा दिया। मामले में सीपी सोनीपत ममता सिंह से फोन पर बात कर शरारती तत्वों को पकड़ने व सख्त कार्रवाई करने की बात कही। इस दौरान लोगों ने पंचायत कर इस घटना को लेकर काफी रोष व्यक्त किया। इस दौरान पूर्व विधायक सुखबीर फरमाणा, राजबीर दहिया, सरपंच जगदीश व कृष्ण रिढाऊ सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
फरमाणा में स्मारक स्थल पर स्थापित बलिदानी तेज सिंह की प्रतिमा को खंडित करने का मामला सामने आया है। मामले में अभी लिखित शिकायत नहीं आई है। अगर शिकायत आती है तो उस पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी। -पवन कुमार, प्रभारी, थाना खरखौदा।