संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। प्रदेश स्तर पर सफाई एवं दमकल कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने के बाद कई शहरों में सफाई व्यवस्था पटरी पर लौटने लगी है, लेकिन जिले में कूड़े की समस्या अभी बनी हुई है। वहीं कुछ जगहों पर कर्मचारियों ने स्थानीय मांगो को लेकर प्रदर्शन जारी रखा है।
अग्निशमन विभाग के 87 कर्मचारी हड़ताल खत्म कर ड्यूटी पर लौट आए हैं। वहीं टर्मिनेट किए गए हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के प्रदेश वरिष्ठ उपप्रधान राजीव खत्री की बहाली के बाद उन्होंने भी ड्यूटी संभाल ली है।
सोनीपत शहर में सफाई कार्य प्रभावित होने से लोगों की परेशानी कम नहीं हुई है। शहर की सड़कों और गलियों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। करीब 600 टन से अधिक कूड़ा अब भी शहर में बिखरा पड़ा है। इससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उधर, सोनीपत नगर निगम क्षेत्र में गिरफ्तार किए गए 15 सफाई कर्मचारियों में से 12 को जमानत मिल गई है। इनमें नगरपालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान राजाभाई भी शामिल हैं। प्रदेश में हड़ताल खत्म होने के बावजूद स्थानीय मांगों को लेकर सोनीपत में कर्मचारियों का धरना जारी है, जिससे सफाई व्यवस्था सामान्य होने में अभी समय लग सकता है।
चार दिन में कूड़े के सभी ढेर हटाने का लक्ष्य
हड़ताल समाप्त होने के बाद नगर निगम ने शहर में सफाई व्यवस्था को सामान्य करने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। नगर निगम की टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में भेजकर कूड़ा उठाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सबसे पहले बाजारों, मुख्य सड़कों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जमा कचरे को हटाया जा रहा है। इसके बाद गलियों और मोहल्लों में भी सफाई करवाई जाएगी। नगर निगम का प्रयास है कि अगले चार दिन में शहर में जमा अधिकांश कूड़े के ढेर साफ कर दिए जाएं।
डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को भी दोबारा शुरू : मेयर
मेयर राजीव जैन ने कहा कि हड़ताल के कारण प्रभावित हुई डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को भी दोबारा शुरू किया जा रहा है। इससे घरों से निकलने वाला कूड़ा नियमित रूप से उठाया जा सकेगा और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा होने की समस्या कम होगी। नगर निगम प्रशासन ने कर्मचारियों को सफाई कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
सोनीपत नगर निगम, गोहाना, खरखौदा में हड़ताल जारी
गन्नौर शहर में सफाई कर्मचारियों ने भी हड़ताल समाप्त कर सफाई कार्य शुरू कर दिया है। इसके विपरीत सोनीपत नगर निगम, गोहाना नगर परिषद और खरखौदा नगर पालिका के सफाई कर्मचारी स्थानीय मुद्दों को लेकर धरना जारी रखे हुए हैं। कर्मचारियों ने प्रदेश स्तर की हड़ताल खत्म होने के बाद अब स्थानीय मांगों को लेकर दोबारा आंदोलन की राह पकड़ ली है। इन्हीं मुद्दों पर चर्चा के लिए रविवार को रोहतक में सफाई कर्मचारियों की बैठक बुलाई गई है।
कर्मचारियों की ये है स्थानीय मांगें
हड़ताल के दौरान सेवा मुक्त किए गए कर्मचारियों को बहाल किया जाए।
हड़ताल से पहले 5 अगस्त तक जिस स्थान पर कर्मचारी थे, उसी स्थान पर लिया जाए।
अधिकारियों की ओर से कर्मचारियों को फोन करके धमकी देना बंद किया जाए।
फोटो : सोनीपत के मॉडल टाउन में पड़ा कूड़े का ढेर। संवाद
फोटो : सोनीपत के मॉडल टाउन में पड़ा कूड़े का ढेर। संवाद