खरखौदा। गांव फिरोजपुर बांगर के मुख्य मार्ग पर वैन की टक्कर से टैंट हाउस संचालक की मौत हो गई। मृतक के भांजे की आंखों के सामने ही यह हादसा हुआ। पुलिस ने भांजे के बयान पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव फिरोजपुर बांगर निवासी शंटी ने पुलिस को बताया कि उनके मामा दिल्ली के सुल्तानपुर डबास निवासी सुरेश ने उनके गांव में साहिल टैंट हाउस खोल रखा है। रविवार की रात वह एक कार्यक्रम के समापन के बाद लेबर के साथ करीब साढ़े बारह बजे टैंट का सामान लेकर फिरोजपुर बांगर स्थित टैंट हाउस पर पहुंचे थे। मामा सुरेश टैंट हाउस के बाहर खड़े थे कि एक वैन तेज रफ्तार में आई और सीधी टक्कर मार दी। इसके बाद वह दूसरे वाहन से जा टकराई। हादसे में उनके मामा गंभीर रूप से घायल हो गए। मामा को इलाज के लिए दिल्ली के पूठ स्थित महर्षि वाल्मीकि अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि वैन में चालक सहित तीन लोग सवार थे, उन्हें भी चोटें आई हैं।