फोटो 25: सोनीपत के नागरिक अस्पताल में महिला को चश्मा वितरित करते मेयर राजीव जैन, साथ में मौजूद
सोनीपत। राष्ट्रीय अंधत्व एवं दृष्टिदोष नियंत्रण कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को उज्ज्वल दृष्टि हरियाणा अभियान की शुरुआत हुई। जिला नागरिक अस्पताल में मेयर राजीव जैन मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने हिसार से वर्चुअल माध्यम से की। पहले दिन जिले में 898 जरूरतमंदों को निशुल्क चश्मे दिए गए।
मेयर राजीव जैन ने लाभार्थियों को निशुल्क चश्मे वितरित करते हुए कहा कि उज्ज्वल दृष्टि हरियाणा योजना केवल आंखों की जांच और चश्मा वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हरियाणा को एक आत्मनिर्भर, समान और स्वस्थ समाज की ओर ले जाने वाली पहल है।
अभियान के तहत सीएचसी, पीएचसी और नागरिक अस्पतालों में 40 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों की नेत्र जांच की जा रही है और आवश्यकता अनुसार उन्हें निशुल्क चश्मे दिए जा रहे हैं। यह अभियान 31 जुलाई तक जारी रहेगा। सीएचसी जुआं में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजेश सिंघल और सरपंच ने चश्मे वितरित किए।
इसी तरह सीएचसी खरखौदा, गन्नौर, गोहाना, मुंडलाना, जुआं, फिरोजपुर बांगर, बढ़खालसा और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर भी यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। सिविल सर्जन डाॅ. ज्योत्सना ने जानकारी दी कि अभियान के पहले दिन कुल 898 चश्मे वितरित किए गए। पहले नेत्र जांच की जाती है और फिर जरूरतमंदों को चश्मे उपलब्ध कराए जाते हैं।